सनातन धर्म से जन्मी भारतीय संस्कृति में त्यौहार और उत्सवों का अपना विशेष ही महत्व हैं.. हमारी संस्कृति को यदि त्यौहारों व उत्सवों की संस्कृति भी कहीं जाये तो गलत नहीं होगा। भारतीय संस्कृति में मनाया जाने वाला प्रतेक पर्व और त्यौहार धार्मिक, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता हैं, इन्हीं त्यौहारों में फाल्गुन माह की पूर्णिमा पर होली का उत्सव मनाया जाता हैं।
होली को रंगों का त्यौहार है, जैसे ईश्वर ने इस संसार में प्रकृति में विभिन्न रंगों की छटा विखेरी है उसी प्रकार होली का उत्सव हमें संदेश देता हैं की जीवन है तो संघर्ष हैं.. उतार -चढ़ाव भी हैं, सुख भी है दुख भी है परंतु हमें जीवन को साक्षी बना कर चलना होगा, जीवन के सभी पहलुओं को रंगों के रूप में ग्रहण करते हुए खुशहाली पूर्वक जीने की सीख हमें ये रंगों का त्यौहार ही देता हैं।
पौराणिक कथाओं के अनुसार होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाता हैं, विष्णु पुराण के अनुसार होली का उत्सव मनाये जाने के पीछे राजा हिरण्यकश्यप और उसका विष्णु भक्त प्रहलाद और राजा हिरण्य की बहन होलिका की कहानी प्रचलित हैं.. इसी दिन अहंकारी हिरण्य ने अपने ही पुत्र प्रहलाद की मृत्यु का षडंयत्र बहन होलिका के साथ मिल कर रचा था। होलिका को वरदान प्राप्त था की वो वरदान में प्राप्त चादर को ओढ़ कर चिता में बैठेगी तो अग्नि भी उसे भस्म नहीं कर सकेंगी, षडयंत्र के तहत उसने एक और चिता पर भक्त प्रहलाद को बैठाया। भगवान विष्णु की भक्ति में लीन प्रहलाद जिस चिता पर बैठाया गया उसी चिता पर होलिका का चादर उड़ कर प्रहलाद के पास आ पंहुचा और इस प्रकार होलिका चिता की अग्नि में जल कर भस्म हो गई तो वही प्रहलाद की भक्ति की जीत हुई।
इसी की स्मृति में होली के एक दिन पूर्व होलिका दहन किया जाता हैं व दूसरे दिन रंगों का उत्सव खेल जाता हैं, साथ ही यदि इस कथा को आध्यात्मिक दृष्टिकोण देखा जाये तो जिस प्रकार हिरण्यकश्यप का अहंकार होलिका के साथ जल कर राख हो गया उसी प्रकार हमें भी अपने भीतर बैठे 'मैं' रूपी अहंकार को भस्म करने का प्रण होलिका दहन के समय लेना होगा ताकि हम मैं, मेरा, अपना, पराया, ईर्ष्या, क्रोध, लोभ, मोह इस होली पर दहन कर अपने मन को निर्मल बना उस ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग सुगम कर सके।
होली को लेकर एक अन्य कथा शिवपुराण में 'काम दहन कहानी ' की मिलती है.. जब माता पार्वती महादेव से विवाह हेतु तपस्या कर रहीं थी तों महादेव गहन ध्यान में लीन थे उनके ध्यान को भंग करने का साहस किसी के पास न था उस समय कामदेव ने अपने प्रयासों से महादेव का ध्यान भंग किया अतः क्रोध में आकर महादेव ने अपने तीसरे नेत्र से कामदेव को भस्म कर दिया, पुराणों में वर्णित ये कथाएं अध्यात्मिक सीख भी देती है जिस प्रकार महादेव ने अपने त्रिनेत्र से सभी वासनाओं को भस्म कर दिया उसी प्रकार हमें भी अपने भीतर उठती विषय रूपी वासनाओं को होलिका दहन में भस्म करना होगा।
होली के पर्व के पीछे की वैज्ञानिक महत्व को जाने तो शरद ऋतु की समाप्ति और बसंत ऋतु के आगमन का यह काल संपूर्ण पर्यावरण और शरीर में बैक्टीरिया की वृद्धि को बढ़ाता है, साथ ही शरीर वातावरण में हुए परिवर्तन ठण्ड से गर्म को तुरंत ग्रहण नहीं कर पाने के कारण शिथिल और आलसी प्रवृत्ति का हो जाता है। होलिका दहन के समय उस ताप से जलती होलिका की परिक्रमा के दौरान होलिका से निकलता ताप शरीर और आसपास के पर्यावरण को शुद्ध कर हमें पुनः ऊर्जा व स्फूर्ति से भर देता है।
अतः भारतीय संस्कृति में होली सभी मायनों में विशिष्ट पर्व है, आइए इस बार होली में स्वयं के भीतर उपजी बुराइयों और अहंकार पर विजय पाकर एक नई स्फूर्ति ऊर्जा के साथ अपने कर्मों को शुद्ध करते हुए उस ईश्वर में लीन हो जाएं, आइए होली के इन महत्व को जन-जन तक पहुंचा कर सनातन धर्म की रक्षा करें, रंगों के इस पावन पर्व पर आपको व आपके परिवार को होली की मंगल कामनाएं.. 🙏🙏
योगमाता श्रद्धा गिरी
(महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा)
Comments
Post a Comment